मुजफ्फरनगर, जेएनएन। नागरिकता संशोधन कानून के विरोध में समाजवादी पार्टी विरोध में उतर आई है। मंगलवार को डीएम कार्यालय पर सपाईयों ने प्रदर्शन किया। इस दौरान राष्ट्रपति के नाम एडीएम प्रशासन को ज्ञापन सौंपा गया है।
जिलाध्यक्ष प्रमोद त्यागी के नेतृत्व में कार्यकर्ता डीएम कार्यालय पर एकत्र हुए। इसके बाद यहां पर प्रदर्शन किया गया। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने नागरिकता संशोधन कानून बनाकर देश और समाज को बांटने की साजिश की है। यह केंद्र सरकार की भ्रमित करने की राजनीति का हिस्सा है, ताकि जनता का ध्यान मूल मुददों से भटक जाए। उन्होंने कहा कि देश में आर्थिक मंदी जैसे मुद्दे पर सरकार कुछ करने को तैयार नहीं है। यह कानून लोकतंत्र की मूल भावना के खिलाफ है। सपा पड़ोसी देशों के ऐसे अल्पसंख्यक जिन्हें धर्म के नाम पर प्रताड़ित किया गया है, उन्हें नागरिकता देने के खिलाफ नहीं है। लेकिन यह कानून देश के अल्पसंख्यकों में भय पैदा करने वाला तथा संविधान को कुचलने वाला है। इसके बाद कार्यकर्ताओं ने एडीएम प्रशासन अमित सिंह को राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंप कर कानून को वापस लिए जाने की मांग की है। गौरव जैन, उमेश त्यागी, ब्रिजेश कुमार, रजत त्यागी, जिया चौधरी, जर्नाधन विश्वकर्मा, सचिन अग्रवाल, सोमपाल सिंह, विजय आदि मौजूद रहे।
No comments:
Post a Comment
Note: Only a member of this blog may post a comment.